*रोजगार एवं आरक्षण के सफाये पर उतारू हैं भाजपा की सरकारें**भाकपा चलायेगी रोजगार बचाओ, आरक्षण बचाओ भाजपा हटाओ अभियान –मोतीलाल**भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी उत्तर प्रदेश मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार कनौजिया गोंडा*




भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी उत्तर प्रदेश मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार कनौजिया गोंडा

आज समाचार सेवा खागा / फतेहपुर 04 जनवरी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी और उसकी केन्द्र तथा राज्य सरकारें एक ओर रोजगार समाप्त कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर आरक्षण पर भी कुल्हाड़ा चला रही हैं। यदि आगामी दिनों में भाजपा को सत्ता से बेदखल नही नहीं किया गया तो वह रोजगार ही नहीं संपूर्ण आरक्षणों का सफाया कर देगी। अत एव रोजगारों की रक्षा और आरक्षण की सुरक्षा करनी है तो भाजपा को सत्ता से हटाना ही होगा। यह बात भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रांतीय नेता कामरेड मोतीलाल एडवोकेट ने प्रेस से बातचीत में कही।
उन्होंने बताया कि भाकपा के राज्य सचिव मंडल की दूरभाषिक परामर्शिका में चरणबद्ध और मुद्दा आधारित अभियान चलाने की सोच उभरी जिसके तहत प्रथम चरण में भाकपा 11 जनवरी से 18 जनवरी तक रोजगार बचाओ, आरक्षण बचाओ और इन्हें बचाने के लिए भाजपा हटाओ अभियान चलायेगी। इसी क्रम में 18 जनवरी को जिला मुख्यालयों पर धरने-प्रदर्शनों का आयोजन किया जाएगा। राज्य सचिव मंडल का आरोप है कि देश और अवाम की चहुंतरफ बर्बादी पर आमादा भाजपा सरकारें सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को बेच कर, सरकारी विभागों में रोजगार के अवसरों की निरंतर कटौती कर तथा रिक्त पदों के भरने में रोड़ा
अटका कर सर्वसमाज के युवाओं को रोजगार से वंचित कर रही है। साथ ही वह हर प्रकार के आरक्षणों को सीमित और समाप्त करने पर उतारू है। हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार ने 69,000 शिक्षकों की भर्ती में वांच्छित आरक्षण नहीं दिया और निकायों में आरक्षितों को प्रतिनिधित्व से वंचित करने का कूट षडयंत्र रचा। रोजगार एवं आरक्षण छीनने को ऐसे ही तमाम क्रियाकलापों में राज्य सरकार लिप्त है। केन्द्र सरकार भी न केवल रोजगारों पर कुल्हाड़ा चला रही है अपितु आरक्षण को भी छद्म तरीके से समाप्त करने पर आमादा है। प्रशासनिक अधिकारियों की बिना कंपटीशन के भर्ती इसका जीता जागता उदाहरण है। न्याय विभाग द्वारा संसद की समिति को दी गयी रिपोर्ट से पता चलता है कि गत पांच सालों में हाई कोर्ट में पिछड़े समुदाय से मात्र 15 प्रतिशत जज ही नियुक्त किये गये हैं। रोजगार के मोर्चे पर स्थिति यह है कि दिसंबर माह में देश में बेरोजगारी की दर बढ़ कर 10.9 पीसदी के स्तर पर पहुंच गयी जो 16 माह के उच्चतम स्तर पर है। असंगठित बेरोजगारों की लाइफ लाइन मनरेगा को भी खोखला बना दिया गया है। भाकपा राज्य सचिव मंडल ने जिला इकाइयों और पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि जनहित और युवाहित में वे इस अभियान को पूरी शिद्दत से जनता के बीच ले जायें।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

डिप्टी रजिस्ट्रार ने आचार्य स्वदेश को प्रांतीय सभा प्रधान का दायित्व सौपा-शास्त्री विनोद आर्य (स्वामी रामदेव एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई)

*वार्षिक चुनाव वार्षिक लोक निर्माण विभाग श्रमिक संघ जिला शाखा बलिया*

*31 बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्यवाही व तीन को किया सीज*