*भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, उत्तर प्रदेश राज्य काउंसिल**22, कैसर बाग, लखनऊ- 226001दिनांक- 3 जुलाई,2022**ब्यूरो मंडल प्रभारी सुरेश कनौजिया गोण्डा*
ब्यूरो मंडल प्रभारी सुरेश कनौजिया गोण्डा
अति आवश्यक- जिला सचिवों एवं राज्य काउंसिल सदस्यों के लिए परिपत्र।
प्रिय साथी,
लाल सलाम।
हम जानते हैं कि शाखाओं से लेकर जिलों तक के सम्मेलन चल रहे हैं और आप- हम सब इनमें व्यस्त हैं। फिर भी एक अति आवश्यक काम को हम सबको मुश्तैदी से अंजाम देना है। उसी हेतु आपको यह परिपत्र भेजा जा रहा है-
नौजवान सभा का जिलों में प्रतिरोध दिवस 7 जुलाई को-
--------------------------------------------------------------------
जैसाकि आप सभी जानते हैं कि भाजपा की उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतारू है और सरकार के निर्देशों पर पुलिस लोकतांत्रिक गतिविधियों को कुचल रही है और इस हेतु विपक्षी नेताओं पर दमनचक्र चला रही है।
इस क्रम में 29 जून को राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत अग्निपथ/ अग्निवीर योजना पर विरोध कर रहे अखिल भारतीय नौजवान सभा उत्तर प्रदेश के सचिव का. अमजद शाह और तीन अन्य साथियों को महाराजगंज के निचलौल थाने की पुलिस गिरफ्तार कर ले गयी और उन्हें मारपीट कर हवालात में बन्द कर दिया।
अगले दिन फिर थानाध्यक्ष निचलौल ने अपने कार्यालय में बुला कर न केवल उन्हें बुरी तरह पीटा अपितु उन्हें थूक कर चटवाया। थानाध्यक्ष ने अपनी मर्यादा के बाहर जाकर कहा - साले कट्टू राजनीति करते हो, सरकार का विरोध करते हो, पाकिस्तान बनाना चाहते हो। हम तुमको और तुम्हारे परिवार को जेलों में सड़ा देंगे। दबाव बना कर मनमाने डाक्टरी मुआयने पर भी उनके हस्ताक्षर करा लिये गये। बाद में उनका चालान कर दिया और वे जमानत पर छूटे।
इस संबंध में मैंने 1 जुलाई को ही मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिख कर उक्त थानाध्यक्ष को हटाने और कानून सम्मत कार्यवाही की मांग की। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही सामने नहीं आयी।
इसी तरह 20 जून को मऊ कोतवाली पुलिस सी.पी.एम. के प्रदेशीय नेता का. प्रेमनाथ राय को स्टेशन से पकड़ लायी और कोतवाली में बन्द किया, पीटा और कम्युनिस्टों को देशद्रोही बताया। बाद में भाकपा और माकपा नेताओं के हस्तक्षेप पर उन्हें छोड़ा गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस का इस हद तक राजनैतीकरण और सांप्रदायीकरण हैरान करने वाला है।
इन संगीन और विचलित करने वाली घटनाओं पर प्रतिरोध जताने, पीड़ितों को न्याय दिलाने एवं दोषी पुलिसकर्मियों के विरुध्द कड़ी कार्यवाही किये जाने की मांगों को लेकर अखिल भारतीय नौजवान सभा की उत्तर प्रदेश राज्य कमेटी ने ज़िलों में कार्यक्रम/ धरना/ प्रदर्शन अथवा ज्ञापन दिये जाने का निर्णय किया है। अतएव नौजवान सभा का यह कार्यक्रम हर जिले में संपन्न हो यह जिम्मेदारी हमारी जिला काउंसिलों की भी है। अतएव आपसे अनुरोध है कि मामले की गंभीरता को देखते हुये आवश्यक कदम उठाएं।
अन्य जन संगठनों से भी अनुरोध है कि वे राज्य स्तर से निर्देश जारी कर जिलों में योगदान के लिये निर्देशित करें।
आशा ही नहीं पूरा विश्वास है कि आप सभी अपनी और संगठन की ओर से पूर्ण एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे।
सधन्यवाद।
आपका साथी
डा. गिरीश, राज्य सचिव
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें