*कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में चाकू से हमला करके युवक की हुई निर्मम हत्या**ब्यूरो मंडल प्रभारी सुरेश कनौजिया/संवाददाता शिव कुमार कनौजिया गोंडा*
ब्यूरो मंडल प्रभारी सुरेश कनौजिया/संवाददाता शिव कुमार कनौजिया गोंडा
(घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप, पुलिसिया कार्यप्रणाली एवं कानून व्यवस्था सवालिया घेरे में)
कर्नलगंज, गोण्डा। जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र द्वारा आये दिन अपराध एवं अपराधियों के प्रति काफी सख्त रवैया अपनाने और अपराध पर अंकुश लगाने हेतु लगातार अपने अधीनस्थ प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए भले ही दिये जा रहे हों पर जिम्मेदारों की निरंकुश कार्यप्रणाली के चलते अपराध और अपराधियों पर कोई नियंत्रण नहीं दिख रहा है और प्रायः अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं, जिसका जीता जागता उदाहरण कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में सामने आया है। जहां मंगलवार को दुकान बंद करके घर जा रहे एक युवक की चाकू से हमला करके निर्मम हत्या कर दी गई वहीं हल्ला गुहार सुनकर जब तक लोग मौके तक पहुंचे तब तक हमलावर फरार हो गए। सूचना पाकर घटना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम बटौरा बख्तावर सिंह से जुड़ी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बटौरा बख्तावर सिंह निवासी युवक लवकुश सिंह उम्र करीब 22 वर्ष अपनी दुकान बंद करके घर जा रहा था। अभी वह गोंडा लखनऊ मार्ग से अपने गांव वाली सड़क पर मुड़कर कुछ आगे बढ़ा ही था कि पहले से घात लगाये बैठे कुछ लोगों ने उसके ऊपर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। हल्ला गुहार सुनकर जब तक लोग मौके तक पहुंचे तब तक हमलावर फरार हो गये। वहीं लोगों द्वारा तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज मुन्ना उपाध्याय व प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह मय फोर्स घटना स्थल पर पहुंच गये। क्षेत्राधिकारी मुन्ना उपाध्याय ने बताया कि लवकुश दुकान बंद करके घर जा रहा था। रास्ते मे लोगों ने उसके ऊपर चाक़ू से हमला कर दिया,जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि प्रकरण की गहनता के साथ जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार इस घटना से लोगों में काफी रोष है और पुलिसिया कार्यप्रणाली सवालिया घेरे में है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें