*गोण्डा-दिनांकः 13.12.2020**आयुक्त ने विधानसभा क्षेत्र सदर के मतदान केंद्र का किया औचक निरीक्षण*
ब्यूरो मंडल प्रभारी सुरेश कनौंजिया गोण्डा
आयुक्त, देवीपाटन मंडल श्री एसवीएस रंगाराव ने बतौर प्रेक्षक रविवार को जनपद गोंडा में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2021 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण व मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम के अनुसार किए जा रहे कार्यों तथा मतदान केंद्रों पर पंजीकरण हेतु विशेष अभियान दिवस 13 दिसंबर 2020 के संबंध में तहसील सदर के अंतर्गत शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इन्टर कालेज का आकस्मिक निरीक्षण किया।
आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान निर्वाचक नामावली में नाम को सम्मिलित करने के लिए फार्म-6 तथा निर्वाचन नामावली से अपना नाम विलोपित कराने के लिए फार्म-7 के संबंध में संबधित बीएलओ से गहन पूछताछ की तथा अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान केंद्र पर जिलाधिकारी डा0 नितिन बसंल को निर्देश दिए कि बीएलओ को पुनः प्रशिक्षण दिलाएं तथा मलिन बस्तियों, ईंट भट्ठों आदि पर विशेष ध्यान देकर अभियान चलाकर नामवाली तैयार कराई जाय। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहयोग से अट्ठारह वर्ष की आयु पूरी करने वाले छात्र-छात्राओं को चिन्हांकित कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया जाय। उन्होंने वहां पर फार्म अपलोड किए जाने के सम्बन्ध में भी जानकारी ली तथा निर्देश दिए हैं कि शीघ्रातिशीघ्र मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन इत्यादि से संबंधित सूचनाओं को अपलोड कराना सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डा0 नितिन बंसल, नगर मजिस्ट्रेट वन्दना त्रिवेदी, एसडीएम सदर कुलदीप सिंह, नायब तहसीलदार इवेन्द्र कुमार, अवध क्षेत्र उपाध्यक्ष पीयूष मिश्र, जितेन्द्र पाण्डेय, राघवेन्द्र ओझा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी तथा बीएलओ उपस्थित रहे।
*पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर आयुक्त ने राजनैतिक दलों क प्रतिनिधियों के साथ की बैठक*
मतदान केन्द्र के निरीक्षण के उपरान्त आयुक्त ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा निर्वाचन से सम्बन्धित अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की गहन समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी डा0 नितिन बंसल ने आयुक्त को अवगत कराया कि 15 नवम्बर से चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम में अब तक 8512 फार्म प्राप्त हुए हैं। फार्म-6 कम प्राप्त होने पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा फार्म प्राप्त कर अपलोड किए जाएं। उन्होंने बैठक में उपस्थित उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी मतदान केन्द्रों को निरीक्षण कर सुनिश्चित कर लें कि कोई भी मतदान केन्द्र का भवन जर्जर स्थिति में न हो तथा मतदान केन्द्र पर आने व जाने के रास्ते पृथक-पृथक हैं अथवा नहीं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक दशा में यह सुनिश्चित कराया जाय कि बीएलओ अपना आई कार्ड जरूर पहनें। मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के सम्बन्ध में उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित धान क्रय केन्द्र तथा गन्ना तौल केन्द्रों पर मतदाता पुनरीक्षण के सम्बन्ध में बैनर व पोस्टर लगवाएं जायं तथा केन्द्रों पर विभिन्न प्रकार के फार्म भी रखवाए जाएं। इस अवसर उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील किया कि वे भी अपने बीएलए के माध्यम से मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में सहयोग करें ताकि पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके और कोई भी मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से न छूटने पाए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी, उपजिला निर्वाचन अधिकारी राकेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट वन्दना त्रिवेदी, एसडीएम सदर कुलदीप सिंह, तरबगंज राजेश कुमार, करनैलगंज ज्ञानचन्द्र गुप्ता, सहायक निर्वाचन अधिकारी जंगजीत वर्मा, भाजपा से संजीव सिंह व आशीष त्रिपाठी, सपा से राजेश दीक्षित, कांग्रेस से शिवकुमार दूबे, निर्वाचन कार्यालय से संजय सहाय व अन्य सम्बन्धित अधिकारी व राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
*आयुक्त ने प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा में अधिकारियों को प्रगति लाने के दिए निर्देश*
पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा के बाद आयुक्त कलेक्ट्रेट सभागार में ही सरकार के प्राथमिकता कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा की। आयुक्त ने सभी उपजिलाधिकारियों व तहसीलदारों को निर्देशित किया कि धान क्रय केन्द्रों पर खरीद के सापेक्ष स्टाॅक का मिलान करा लें तथा गड़बड़ी मिलने पर दोषी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही सम्बन्धित के खिलाफ चार्जशीट भी जारी की जाय। उन्होंने कहा कि धान क्रय मूल्य की प्रतिदिन समीक्षा कराएं ताकि किसानों को निर्धारित समय में भुगतान हो सके। उन्होंने कहा कि धान मिलों से चावल शत-प्रतिशत एफसीआई को चला जाए, किसी भी दशा में पेन्डिंग न रहे। उन्होंने कहा कि गांव के डिमाण्ड के अनुसार अंश निर्धारण का कार्य पूर्ण हो जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी एसडीएम वरासत के प्रकरणों में समय से कार्रवाई किए जाने व समस्त ग्रामों में निर्विवाद उत्तराधिकारीयों के नाम खतौनी में दर्ज कराने हेतु 15 दिसंबर से 15 फरवरी 2021 तक 2 माह के विशेष अभियान को सफल बनाने क लिए वृहद स्तर पर कार्य करें। उन्होंने गांव सभा कृषि भूमि, आवास स्थल, मत्स्य तालाब पोखरे, तथा कुम्हारी कला हेतु क्षेत्रों के आवंटन की प्रगति की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया है कि लक्ष्य के सापेक्ष आवंटन का कार्य पूर्ण कर लिया जाय। इसके साथ ही राजस्व अभिलेखों में दर्ज सार्वजनिक सम्पत्तियों जैसे तालाबों को अतिक्रमणमुक्त कराने एवं उन्हें मूल स्वरूप में लाने के लिए भी कार्यवाही की जाय।
आयुक्त ने कहा कि गन्ना मिलों पर लग रही कतारों के दृष्टिगत किसानों के लिए ठण्डक से सुरक्षा हेतु पर्याप्त व्यवस्था कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए कर ली जाय। सभी सम्बन्धित अधिकारी प्रत्येक दशा में यह भी सुनिश्चित करें कि किसी भी दशा में ठण्ड से किसी भी व्यक्ति की मौत न होने पाए। आयुक्त ने निर्देश दिए कि कुम्हारी कला, कृषि भूमि, आवास स्थल, मत्स्य तालाब पोखरे से सम्बन्धित लाभार्थियों के प्रमाण पत्र तैयार करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनपद में कोविड-19 की संभावित वैक्सीन के कोल्डचेन मेनटेन करने की व्वस्था की समीक्षा में कहा कि इसके लिए पावर बैकअप व ट्रान्स्पोर्टेशन की व्यवस्था ठीक प्रकार से सुनिश्चित की जाए तथा सम्बन्धित कर्मियों का प्रशिक्षण भी पहले से करा दिया जाय। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के लक्षण से सम्बन्धित बीमारियों की मेडिकल हाॅल से दवा खरीदकर स्वयं इलाज करने वाले की सूचना मेडिकल हाल के माध्यम से एकत्र करने हेतु खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित कर अपेक्षित कार्यवाही सुनिश्चित की जाय।
बैठक में डीएम ने बताया कि जनपद मेें 11 रैन बसेरे संचालित हैं। इसके साथ ही अलाव जलाने के प्रबन्ध व आवश्यकतानुसार जरूरतमन्द को निःशुल्क कम्बल वितरण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्वान्चल विकास निधि के राज्यांश से सम्बन्धित प्रस्ताव प्रेषित कर दिया गया है। बैठक में सीडीओ शशांक त्रिपाठी सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें