*जल संचयन के कार्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल**जनपद स्तर पर रूफ टॉप रेन वॉटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना कार्य के अनुश्रवण हेतु लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी होंगे नोडल**जल संचयन को व्यापक जन सहभागिता के द्वारा जन आन्दोलन का रूप दिये जाने की जरूरत --- जिलाधिकारी डॉ० नितिन बंसल*
रिपोर्ट सुरेश कनौंजिया गोण्डा
जैसा कि आप सभी को विदित है, कि जल हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण घटक है। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा भी भविष्य के लिए जल संग्रहण करने हेतु जल संचयन के कार्यों को सरकार की प्राथमिकता में सम्मिलित किया गया है। इस क्रम में मा0 जल शक्ति मंत्री डा0 महेन्द्र सिंह द्वारा भी प्रदेश के समस्त जनपदों के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय भवनों तथा स्कूल कालेजों के भवनों पर अनिवार्य रूप से रूफटाप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना के निर्देश दिये गये है। इसी दिशा में विशेष प्रयास करते हुए शासन स्तर से लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियन्ता /सहायक अभियन्ता को जनपद स्तर पर रूफटाप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना के कार्य की प्रगति का अनुश्रवण करने हेतु नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
नोडल अधिकारियों को समयबद्व अनुश्रवण हेतु यह निर्देश दिये गये है, कि समस्त जनपदों के जिलाधिकारियों से व्यक्तिगत सम्पर्क करते हुए सभी विभागों द्वारा जनपद स्तर पर अपने कार्यालय भवनों पर रूफटाप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना की प्रगति का अनुश्रवण किया जाए।
जिलाधिकारी डा० नितिन बंसल ने बताया है कि जल संचयन को व्यापक जन सहभागिता के द्वारा जन आन्दोलन का रूप दिये जाने की आवश्यकता है। अतएव इसमें समस्त नागरिकों से सक्रिय योगदान की अपेक्षा है। उन्होंने समस्त व्यासायिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों , गैर सरकारी संगठनों एवम् कृषक भाइयों से अनुरोध किया है कि वे अपने -अपने कार्य क्षेत्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित करते हुए जल संचयन का कार्य प्रभावी रूप से करें।
ग्रामीण क्षेत्रो में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारन्टी योजना के अन्तर्गत भी व्यक्तिगत एवम् सार्वजानिक स्थलों पर जल संचयन के विविध कार्य किए जा रहे है, जिसमें गांव के शासकीय विद्यालयों पर रूफटाप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली की स्थापना तथा लाभार्थी कृषक के खेत में तालाब , रिचार्ज पिट, इत्यादि के कार्य सम्मिलित है। इस हेतु खण्ड विकास अधिकारी से सम्पर्क किया जा सकता है। जल संचयन कार्यों हेतु सुलभ डिजाइन भू गर्भ जल विभाग की वेबसाइट upgwd.gov.in, मनरेगा की वेबसाइटwww.nrega.nic.inअथवा जनपद के भूगर्भ जल विभाग या लघु सिंचाई विभाग से प्राप्त की जा सकती है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें