*मंत्री के पीआरओ ने जताई जानमाल के खतरे की आशंका**मैसेज व फोन कर मांगी गयी थी एक करोड़ की रंगदारी*
रिपोर्ट सुरेश कनौंजिया गोण्डा
समाज कल्याण मंत्री के पीआरओ वेद प्रकाश दूबे
गोण्डा। सूबे के कैबिनेट समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री के जनसंपर्क अधिकारी वेद प्रकाश दूबे से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। वहीं मंत्री के पीआरओ ने स्वयं के साथ ही परिजनों के भी जानमाल के खतरे की आशंका जताई है।
दूसरी तरफ सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने धमकी देने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताते चलें कि 26 अगस्त को समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) वेद प्रकाश दूबे को मैसेज करके एक करोड़ की रंगदारी मांगी गयी।
बाद में फोन पर भी एक करोड़ की मांग की गई तथा न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में मंत्री के पीआरओ ने 10 दिन बाद नवाबगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज करते हुए उस मोबाइल नंबर की कुंडली खंगालने में जुट गई जिससे मैसेज व फोन कर रंगदारी मांगी गई थी।
मंत्री के पीआरओ को धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों तथा राजनीतिक हल्कों में भी हड़कंप मच गया। नवाबगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि समाज कल्याण मंत्री के पीआरओ वेद प्रकाश दूबे को मैसेज से धमकी देने के मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ वेद प्रकाश दूबे ने स्वयं के साथ ही परिजनों के भी जानमाल की आशंका जताई है। सूत्र बताते हैं कि नवाबगंज पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें