*गोण्डा-दिनांक 30.07.2020* *नोडल अधिकारी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कोविड-19 एवं संचारी रोग नियंत्रण, स्वच्छता अभियान, पेयजल आदि की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश* *वृहद कार्ययोजना बनाकर साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं अधिकारी- नोडल अधिकारी* *कोविड-19 के नियंत्रण हेतु बढ़ाई जाय सैम्पल्स की संख्या, अस्पतालों में गन्दगी की न मिले शिकायत*
रिपोर्ट सुरेश कनौंजिया गोण्डा
कोविड-19 एवं संचारी रोग नियंत्रण, स्वच्छता अभियान, पेयजल आदि की समीक्षा के लिए शासन से नामित नोडल अधिकारी/कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव राज्य कर विभाग श्री आलोक सिन्हा ने गुरूवार को जनपद पहुंचकर सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की तथा एकीकृत कमान्ड कन्ट्रोल रूम एवं जिला अस्पताल में स्थापित डेडीकेटेड कोविड-19 हास्पिटल का निरीक्षण किया।
नोडल अधिकारी श्री सिन्हा द्वारा सर्किट हाउस में सबसे पहले सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई जिसमें उन्होंने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों से उनकी नगर पालिका/नगर पंचायतों में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने हेतु बनाई गई कार्ययोजना के बारे में जानकारी ली। गहन समीक्षा करते हुए उन्होंने नगर निकाय के वार्डों में सफाई हेतु लगाए गए सफाईकर्मियों की संख्या, रोस्टर, कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था, कूड़ा उठान का समय, ब्लीचिंग पावडर एवं एन्टी लारवा के छिड़काव की स्थिति आदि के बारे में डिटेल में पूछा। समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि जिन नगर निकायों में ठीक से कार्य योजना नहीं बनी है, वे शीघ्र ही वृहद कार्ययोजना बनाकर साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं।
सफाई व्यवस्था की समीक्षा के उपरान्त उन्होंने जनपद में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। अधिशासी अभियन्ता बाढ़ खण्ड ने बताया कि अब तब घाघरा नदी में 04 लाख 12 हजार 812 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है। जिले में कहीं भी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है।
जिलाधिकारी डाॅ0 नितिन बंसल ने अवगत कराया कि बाढ़ के दृष्टिगत 23 बाढ़ चैकियों को एक्टिव मोड में कर दिया गया है तथा जिन गांवों में रास्तों पर पानी भर गया है वहां पर जिला प्रशासन द्वारा नावों की निःशुल्क व्यवस्था करा दी गई है। उन्होंने बताया कि तहसील करनैलगंज के ग्राम नकहरा के 07 मजरों सहित 12 मजरों में तथा तरबगंज के 10 मजरों सहित कुल 22 नावें लगी हुुईं है जिससे लोग आवागमन कर रहे हैं। फ्लड पोस्ट पर सतत निगरानी के लिए बाढ़ खण्ड के जेई तथा राजस्व विभाग के राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी शिफ्टवार लगाई गई है।
बाढ़ की समीक्षा के बाद नोडल अधिकारी ने जिले में कोविड-19 की स्थिति के बारे में बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा के दौरान सीएमओ को सैम्पल कलेक्शन की संख्या, कुल पाजिटिव मरीजों की संख्या, डिस्चार्ज किए गए मरीजों की संख्या, कुल एक्टिव केसेज की संख्या, रिपोर्ट प्र्राप्ति हेतु लम्बित सैम्पल्स की संख्या तथा कोरोना से अब हुई मृत्यु की संख्या की सही सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिले में टेस्टिंग की सख्ंया बढ़ाई जाय। उन्होंने आरटी पीसीआर, ट्रूनेट मशीन तथा एन्टीजेन से होने वाले सैम्पल टेस्ट के बारे में बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि उन्हें किसी भी दशा में अस्पतालों में गन्दगी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई की मानीटरिंग के लिए सिस्टम बनाकर दिन में तीन बार रिपोर्टिंग कराई जाय तथा सफाई के लिए स्वीपर आदि बढ़ाए जायं। उन्होंने निर्देश दिए कि अपर निदेशक स्वास्थ्य को कोविड-19 की मानीटरिंग के लिए जनपद स्तर पर नोडल नामित किया गया है, वे स्वयं मरीजों से बात करें।
कोरोना मरीजों की कान्टैक्ट ट्रैसिंग के लिए लगाई गई सर्विलान्स टीमों, किए गए प्रबन्धों आदि के बारे में समीक्षा करतेे हुए उन्होंने निर्देश दिए कोरोना मरीजों की सूची आनेे के बाद शीघ्रातिशीघ्र उनसे सम्बन्धित लोगों की कान्टैक्ट ट्रैसिंग कराई जाय तथा उसका समुचित अभिलेखीकरण भी किया जाय। होम आइसोलेट हुए लोगों की सख्ती से निगरानी की जाय तथा कोविड-19 प्रोटोकाॅल का ठीक ढंग से पालन कराया जाय। कन्टेनमेन्ट जोन्स की समीक्षा करतेे हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कन्टेनमेन्ट जोन में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाय तथा सोशल डिस्टेन्सिंग का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाय।
बैठक में आयुक्त देवीपाटन मण्डल श्री एस0वी0एस0 रंगाराव, डीएम गोण्डा डा0 नितिन बंसल, सीडीओ शशांक त्रिपाठी, सीएमओ डा0 मधु गैरोला, एडीएम राकेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट वन्दना त्रिवेदी, सीएमएस डा0 अरूण लाल, एसडीएम सदर वीर बहादुर यादव, करनैलगंज ज्ञानचन्द्र गुप्ता, तरबगंज राजेश कुमार, मनकापुर हीरालाल यादव, कुलदीप सिंह, एक्सईएन बाढ़ वी0एन0 शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सभी ईओ व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
*नोडल अधिकारी ने एकीकृत कमान्ड कन्ट्रोल रूम व डेडीकेटेड कोविड-19 हाॅस्पिटल का किया निरीक्षण*
*कान्टैक्ट ट्रैसिंग कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश, वरिष्ठ अधिकारी करें मानीटरिंग-नोडल अधिकारी*
समीक्षा बैठक में उपरान्त नोडल अधिकारी ने कोविड-19 की मानीटरिंग के लिए कलेक्ट्रेट में स्थापित कमान्ड कन्ट्रोल रूम तथा जिला अस्पताल में टाटा ट्रस्ट द्वारा स्थापित डेडीकेटेड कोविड-19 हास्पिटल का निरीक्षण किया।
कन्ट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने कान्टैक्ट ट्रैसिंग, शिकायत पंजिका, फीडबैक रजिस्टर, प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर की गई कार्यवाही आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कन्ट्रोल रूम में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि एकीकृत कमान्ड कन्ट्रोल रूम में वरिष्ठ अधिकारी की ड्यूटी लगाएं तथा पाजिटिव मरीजों के सापेक्ष उनकी कान्टैक्ट ट्रैसिंग की दिन में दो बार रिपोर्टिंग कराएं, जिससे पाजिटिव मरीजों के सम्पर्क में आने वाले ज्यादा से ज्यादा लोगों की ट्रैसिंग कर लक्षणों के आधार उनकी सैम्पलिंग, या होम आइसोलेशन आदि की कार्यवाही कराई जा सके। बैठक में ट्रूनेट किट्स तथा मैन पावर बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।
कोविड-19 लेवल2 हास्पिटल में नोडल अधिकारी ने मरीजों केे लिए बनाए गए विभिन्न वार्डों, उपकरणों, आरटी पीसीआर लैब आदि का निरीक्षण किया। प्रमुख अधीक्षक द्वारा नोडल अधिकारी को अवगत कराया गया कि डेडीकेटेड कोविड-19 हास्पिटल में 168 बेड्स की व्यवस्था है तथा अस्पताल में कार्मिकों की तैनाती करते हुए शीघ्र ही चालू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम गोण्डा, सीएमओ, प्रमुख अधीक्षक जिला अस्पताल, एडीएम, एसडीएम सदर व करनैलगंज तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें