*तीन मिनट 40 सेकेण्ड तक हुई पीएम और विनीता के बीच बातचीत*



            रिपोर्ट सुरेश कनौंजिया गोण्डा
गोण्डा। जिले के हलधरमऊ विकास खण्ड के कमालपुर गांव की रहने वाली अनपढ़ विनीता पाल ने शुक्रवार को जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अपने सफलता की कहानी को साझा किया तो उपस्थित लोगों की तालियों से पाण्डाल गुंजायमान हो उठा। प्रधानमंत्री ने समूह के सभी सदस्यों को आत्म निर्भर भारत की दिशा में काम करते हुए आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार योजना की शुरुआत के अवसर पर हलधरमऊ प्रखंड के कमालपुर गांव के बिशुनपुरा गड़रियन पुरवा में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) का गठन कर नर्सरी तैयार करने वाली महिला समूह की मुखिया विनीता पाल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रूबरू थे। तीन मिनट 40 सेकेण्ड तक चले द्विपक्षीय संवाद की शुरुआत प्रधानमंत्री ने ‘विनीता जी नमस्ते’ से की। इसके जवाब में मात्र हस्ताक्षर बना पाने वाली विनीता पाल ने कहा, ‘मा. प्रधानमंत्री तथा मा. मुख्यमंत्री जी को गोण्डा के हलधरमऊ से विनीता पाल नमस्कार करती है।’ प्रधानमंत्री ने पहला सवाल किया, ‘विनीता जी, अपने बारे में बताइए। मैं आपके काम के बारे में जानना चाहता हूं।‘ विनीता ने बताया, ‘ नर्सरी का काम करती हूं सर। हमने सागौन, यूकेलिप्टस, सहजन, बेल, जामुन, अमरूद, आम आदि की नर्सरी लगाई है। प्रधानमंत्री ने पूछा, ‘यह आपकी ही है।’ विनीता ने बताया, ‘सर, मेरा ही है।’ थोड़ा रुकते हुए जैसा लगा कि कुछ गलत जवाब दे दिया हो, विनीता ने कहा, ‘10 लोगों को मिलाकर एक यूनिट बनाई है। तो प्रधानमंत्री ने दुहराया, ‘अच्छा, तो आपने 10 महिलाओं को एकत्रित करते यह काम शुरू किया है। बहुत बढ़िया।’ उन्होंने अगला सवाल किया, ‘कब शुरू किया यह काम?’ बिल्कुल नपे तुले शब्दों में उत्तर मिला, ‘फरवरी 2019 से शुरू किया।’ प्रधानमंत्री का अगला सवाल था, ‘यह आइडिया दिमाग में कहां से आया?’ विनीता ने जवाब दिया, ‘राम प्रकाश मौर्या ने बताया हलधरमऊ ब्लाक पर जाने के बाद।’ प्रधानमंत्री ने पुनः पूछा, ‘ ऐसे ही पता चल गया कि कुछ ट्रेनिंग वगैरा हुई? कुछ करना पड़ा होगा।’ विनीता ने कहा, ‘सर, हम बहुत गरीब हैं। काम की तलाश में ब्लाक पर जाते थे। तो वहीं पर मुझे बताया गया कि समूह बनाकर नर्सरी का काम करो तो तुम्हें काफी फायदा होगा। मैंने इसकी शुरुआत की और अब हम ठीक-ठाक कमाई कर रहे हैं।’ विनीता के यह कहते ही बगल के पाण्डाल में उपस्थित ग्रामीणों व अधिकारियों ने तालियां बजाकर उसका उत्साहवर्धन किया। प्रधानमंत्री ने पूछा कि कितनी आमदनी हो जाती है? विनीता ने बताया, ‘महीने में 50 हजार की आमदनी हो जाती है।’ इस पर प्रधानमंत्री ने कहा, अरे वाह! तब तो साल भर में छह लाख की आमदनी हो जाती होगी! बहुत अच्छा, आप तो कमाई के साथ ही पर्यावरण की भी रक्षा भी कर रही हो।’ इस पर विनीता ने कहा, ‘सर, खर्चा पानी काटकर सभी सदस्यों को प्रतिमाह तीन हजार रुपए दे देती हूं।’ उसने कहा कि सीडीओ साहब ने हमारी बहुत मदद की है। प्रधानमंत्री ने देश और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शुरू किए गए प्रयासों के तहत किए जा रहे कार्यों के लिए पूरी इकाई की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दी। बाद में पत्रकारों से वार्ता करते हुए विनीता पाल ने बताया कि खंडवार तैयार की गयी नर्सरी में सागौन, जामुन, अर्जुन, बेल, अमरूद, सहजन, आम और यूकेलिप्टस के करीब एक लाख पचास हजार पौधे हैं। इन पौधों को विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा खरीदे जाने की कार्रवाई प्रचलित है। उसे इसकी बिक्री से करीब 34 लाख रुपए मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद बृजभूषण सिंह, क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह, देवीपाटन मंडल के आयुक्त महेंद्र कुमार, राष्ट्रीय आजीविका मिशन के प्रबंध निदेशक सुजीत कुमार, जिलाधिकारी डॉ नितिन बंसल, पुलिस अधीक्षक आरके नैयर, सीडीओ शशांक त्रिपाठी, अपर जिला अधिकारी राकेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार, कर्नलगंज के एसडीएम व पुलिस क्षेत्राधिकारी, डीसी मनरेगा हरिश्चन्द्र राम प्रजापति, बीडीओ राम आज्ञा मौर्य, डीपीएम प्रदीप मिश्र, समन्वयक एनआरएलएम नीलांबुज कुमार श्रीवस्तव, आदर्श कश्यप आदि उपस्थित रहे। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी गिरीश प्रजापति व अविनाश दुबे द्वारा कार्यक्रम में तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

डिप्टी रजिस्ट्रार ने आचार्य स्वदेश को प्रांतीय सभा प्रधान का दायित्व सौपा-शास्त्री विनोद आर्य (स्वामी रामदेव एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई)

*वार्षिक चुनाव वार्षिक लोक निर्माण विभाग श्रमिक संघ जिला शाखा बलिया*

*31 बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्यवाही व तीन को किया सीज*